Thursday, March 1, 2012

चन्द्र शेखर आजाद के विश्वस्त थे कवि ह्रदय डॉ भगवान दास माहौर

अरविन्द विद्रोही .................... २ मार्च , १९६९ के दिन काल के क्रूर हाथो ने चन्द्र शेखर आजाद के विश्वस्त रहे क्रांतिकारी डॉ भगवान दास माहौर को छीन लिया | इस कवि ह्रदय क्रांतिकारी का जन्म बडौनी ग्राम जनपद दतिया मध्य प्रदेश में हुआ था | माहौर जी के आदर्श चन्द्र शेखर आजाद थे | भुसावल बम कांड के नायक माहौर को बम बनाने का प्रशिक्षण आजाद ने ही दिलाया था | असेम्बली में बम फैकने के लिए क्रांतिकारी संगठन ने जब अंततोगत्वा भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त को चुना तब राजगुरु नाराज़ हो गये थे | राजगुरु की नाराज़गी अपने को चयनित ना किये जाने को लेकर थी | वे पूना में अलग नया क्रांतिकारी संगठन करने लगे | आजाद को मालूम पड़ा तो उन्होंने राजगुरु के साथ के लिए डॉ भगवान दास माहौर और सदाशिव मलकापुरकर को बम बनाने की सामग्री के साथ पूना भेज दिया | यह घटना सितम्बर १९२९ की है | पूना जाते समय भुसावल स्टेशन पर आप दोनों लोग मय पेटी/ बम सामग्री के गिरफ्तार कर लिए गये | चन्द्र शेखर आजाद ने भगवान दास माहौर को विक्टोरिया कॉलेज ,ग्वालियर में अध्ययन करने को कहा | उद्देश्य बताया -ग्वालियर में ही बम बनाने का कारखाना खोलना ,छात्रों को क्रांतिकारी संगठन से जोड़ना | दाखिला लेकर माहौर कुछ दिनों तक छात्रावास में रहे फिर किराये का कमरा लेकर रहने लगे ,इनका कमरा क्रान्तिकारियो का ठिकाना बन गया | भुसावल बमकांड में सुनवाई के दौरान इन लोगो ने गद्दार हो चुके जाय गोपाल और फणीन्द्र घोष पर गोलिया चला कर हत्या करने का प्रयास किया | दोनों गद्दार और पुलिस वाले सिर्फ घायल हुये | मुक़दमे में भगवान दास माहौर को आजीवन कारावास और सदाशिवराव मलकापुरकर को पंद्रह वर्ष का कारावास मिला | सन १९३८ में कांग्रेस मंत्री मंडलों के गठन के बाद कैदियो को मुक्त किया गया | रिहा होकर आप दोनों लोग झाँसी पहुंचे | भारत रक्षा कानून के तहत सन १९४० में भगवान दास माहौर फिर गिरफ्तार कर लिए गये | माहौर आज़ादी की प्राप्ति तक जेल आते जाते रहे | आजाद भारत में माहौर जी को उनके शोध ग्रन्थ- सन १८५७ के स्वाधीनता संग्राम का हिंदी साहित्य पर प्रभाव पर आगरा विश्व विद्यालय से पी एच डी की उपाधि प्रदान की गयी | माहौर जी को झाँसी विश्व विद्यालय ने बुंदेलखंड पर कार्य करने के उपलक्ष में डी लिट की उपाधि दी गयी | साहित्य महा-महोपाध्याय की पदवी उन्हें हिंदी साहित्य सम्मेलन प्रयाग ने मदनेश कृत रासो पर शोध हेतु दी थी | आज़ादी का जंग छिड़ा है ,आज़ादी का रंग | गरज रहा है विप्लव सागर, नचती क्रांति तरंग | छिड़ा है आज़ादी जंग | पास हमारे क्या खोने को ,सारा विश्व जित लेने को | बढे चलो ,है क्या डरने को | भूखे,नंग -धडंग ,छिड़ा है आज़ादी का जंग |