Monday, September 26, 2011

भगत सिंह एक मतवाला,क्रांति का अग्र दूत -- समाजवाद का पथ प्रदर्शक

अरविन्द विद्रोही गाँव बंगा चक्क न० १०५ गुगैरा वर्तमान में लायलपुर-पकिस्तान में किशन सिंह के पुत्र रूप में जन्मे भगत सिंह का नाम क्रांति की अमिट ज्वाला के रूप में युगों-युगों तक क्रांति पथ के योद्धाओ को राह दिखाता रहेगा,प्रेरित करता रहेगा- यह जन्म के समय किसी ने भी किंचित मात्र भी ना सोचा था | ब्रितानिया हुकूमत कि दासता में जकड़े भारत भूमि की आजादी की जंग में भगत सिंह के पुरे परिवार का अपना अमिट योगदान है| भगत सिंह के जन्म के समय लाला लाजपत राय के नेतृत्व में भगत सिंह के चाचा अजीत सिंह को किसान आन्दोलन चलाने के जुर्म में ब्रितानिया हुकूमत ने मांडले अर्थात बर्मा में निर्वासित कर रखा था| जन दबाव के कारण नवम्बर ,१९०७ में अजीत सिंह की रिहा कर दिया गया | नेपाल में पकडे गये पिता किशन सिंह को भी अंग्रेज सरकार ने छोड़ दिया था | कई मुकदमो में निरुद्ध सबसे छोटे चाचा स्वर्ण सिंह को भी जमानत पर रिहाई मिल गयी | भगत सिंह कि दादी इन्ही कारणों से भगत सिंह को भागांवाला अर्थात भाग्यशाली मानती थी| बाबा अर्जुन सिंह के सानिंध्य में प्रथम चार वर्ष कि शिक्षा ग्रहण करने वाले भगत सिंह के मनो-मस्तिष्क में सामजिक चेतना,तर्क शक्ति का विकास,सामजिक बराबरी की भावना का बीज रोपित करने का श्रेय बाबा अर्जुन सिंह का ही है | बचपन की यही शिक्षा, संस्कारो- समर्पण का बीज समयांतराल में क्रांति का बट-वृक्ष बन गया जिसके तले आज भी किसानों-मजदूरों-आम जन के लिए काम करने वालो को प्रेरणा व मानसिक बल मिलता है| लाहौर में उच्च शिक्षा ग्रहण करने वाले भगत सिंह ने कम उम्र में ही , अल्पायु में ही बड़ी वैचारिक यात्रा करनी शुरु कर दी थी| कर्तार सिंह साराभा को अपना गुरु मानने वाले , उनका चित्र सदैव अपने पास रखने वाले भगत सिंह रुसी अराजकतावादी बाकुनिन से अत्यंत प्रभावित थे| भगत सिंह के अनन्य सखा सुखदेव भी बाकुनिन से बेहद प्रभावित थे| अराज़कता से समाजवाद की विचारधारा की तरफ मोड़ने का काम , एक सफल प्रयास कामरेड सोहन सिंह जोश और लाला छबील दास ने किया था | पंजाबी मासिक पत्रिका किरती के संपादक जोश ने ही भगत सिंह को विभ्भिन विषयों पे मार्ग दर्शन दिया और किरती में लिखते रहने को प्रोत्साहित किया | अनारकली बाज़ार,लाहौर में स्थित राम कृष्ण एंड सन्स नामक किताबो की दुकान व द्वारका दास लाइब्रेरी यह दो जगह क्रान्तिकारियो के लिए ,मानसिक खुराक व दृठता के लिए मुफीद साबित हुयी| द्वारका दास लाइब्रेरी के अध्यक्ष राजा राम शास्त्री के अनुसार - भगत सिंह वस्तुत पुस्तकों को पढता नहीं निगलता था,लेकिन फिर भी उसकी ज्ञान की पिपासा सदा अनबुझी ही रहती थी |इधर कानपूर में प्रताप के सम्पतक गणेश शंकर विद्यार्थी क्रान्तिकारियो की हर तरह की सहायता करते थे थे| गणेश शंकर विद्यार्थी राजनीतिक अध्धयन और जनता के बीच काम करने पर विशेष ध्यान देते थे | कानपूर के क्रान्तिकारियो का भी झुकाव समाजवाद की तरफ हो चुका था| यह झुकाव भावनात्मक ज्यादा था | उधर सुखदेव ,भगवतीचरण वोहरा,भगत सिंह वैचारिक तौर पर समाजवादी विचारधारा को आत्म सात कर चुके थे | कानपूर प्रवास के दौरान गणेश शंकर विद्यार्थी के प्रताप में लिखने और उनसे सीखने के अवसर का भर पुर लाभ भगत सिंह ने उठाया | १९२८ के प्रारंभ के दिनों में भगत सिंह ने क्रांतिकारी संगठन को अखिल भारतीय स्वरुप देने व समाजवाद को अंतिम लक्ष्य घोषित करने का प्रस्ताव साथियो के मध्य रखा था | ८-९ सितम्बर ,१९२८ को दिल्ली में हुई क्रान्तिकारियो की बैठक में समाजवाद को सिधान्त के रूप में और समाजवादी समाज की स्थापना को अंतिम लक्ष्य मान लिया गया | संगठन का नाम अब हिंदुस्तान समाजवादी प्रजातंत्र संघ रखा गया | असेम्बली में पब्लिक सेफ्टी बिल व ट्रेड डिस्प्यूट बिल पर मतदान के दिन ८अप्रेल ,१९२९ को ,मतदान के बाद ,गिनती पूरी होने के बाद , जैसे ही असेम्बली के अध्यक्ष इन बिलों के पास हो जाने का परिणाम बताने के लिए खड़े हुये वैसे ही हिंदुस्तान समाजवादी प्रजातंत्र संघ के भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त ने दर्शक दीर्घा से असेम्बली भवन में बम फोड़े, नारे लगाये व पर्चे वितरित किये| भगत सिंह ने कहा था -- क्रांति से हमारा अभिप्राय है ,अन्याय पर आधारित मौजूदा समाज व्यवस्था में आमूल परिवर्तन | भगत सिंह और हिंदुस्तान समाजवादी प्रजातंत्र संघ के सभी क्रांतिकारी साथियो की समाज व देश के प्रति कर्त्तव्य निर्वाहन की छमता ,उनके अमिट बलिदानों से सबके सामने आ ही चुका है| क्रान्तिकारियो के विचारो के प्रचार - प्रसार में ,क्रांतिकारी कैसे आजाद भारत के लिए अपना सर्वस्व हमारे लिए अर्पित कर गये ,इसको समझने में हमारे देश का राजनीतिक नेतृत्व नितांत असफल रहा है| शायद कटु सत्या यह है की राजनीतिक नेतृत्व जनता है की अगर क्रान्तिकारियो की मनो भावना का प्रचार -प्रसार हो गया , भगत सिंह के , हिंदुस्तान समाजवादी प्रजातान्त्रिक संघ के प्रस्तावों-संकल्पों पे काम शुरु हो गया तो एक सशक्त भारत का निर्माण हो जायेगा और तब दीमक की तरह आम जन को, देश को,लोकतान्त्रिक व्यवस्था,जन अधिकारों को कहते जा रहे स्वार्थी -भ्रष्टाचार में सराबोर राजनेताओ-नौकरशाहों-सत्ता के दलालों की कलाई उधड़ जाएगी और जन क्रांति की चपेट में इनके द्वारा शोषण पर आधारित साम्राज्य तहस-नहस हो जायेगा |

No comments:

Post a Comment